खेलते समय कुआं में गिर 11 वर्षीय किशोर की गई जान, पसरा मातम

सोनवर्षा थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव में रविवार की दोपहर करीब एक बजे दोस्तों के साथ खेल रहे एक 11 वर्षीय किशोर की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मिश्रवलिया गांव निवासी शिवजनम यादव उर्फ गुड्डू यादव के पुत्र विवेक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

खेलते समय कुआं में गिर 11 वर्षीय किशोर की गई जान, पसरा मातम

केटी न्यूज/नावानगर 

सोनवर्षा थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव में रविवार की दोपहर करीब एक बजे दोस्तों के साथ खेल रहे एक 11 वर्षीय किशोर की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मिश्रवलिया गांव निवासी शिवजनम यादव उर्फ गुड्डू यादव के पुत्र विवेक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि विवेक कुमार गांव में कुएं के पास अपने कुछ दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। विवेक को कुएं में गिरता देख उसके साथ खेल रहे अन्य बच्चे घबरा गए और शोर मचाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल रस्सी के सहारे कुएं में उतरकर किशोर को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने विवेक को कुएं से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया। इस संबंध में सोनवर्षा थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेजा गया है। घटना के संबंध में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।