सुविधाओं की कमी के विरोध में 200 छात्र-छात्राओं का पैदल मार्च, डीएम से मिलने पर अड़े

प्रखंड के रामपुर स्थित अंबेडकर छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं की कमी और कथित अव्यवस्था के विरोध में रविवार को करीब 150 से 200 छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए। छात्रावास से करीब 30 किलोमीटर दूर बक्सर जिला मुख्यालय के लिए छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च शुरू कर दिया।

सुविधाओं की कमी के विरोध में 200 छात्र-छात्राओं का पैदल मार्च, डीएम से मिलने पर अड़े

केटी न्यूज/केसठ। 

प्रखंड के रामपुर स्थित अंबेडकर छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं की कमी और कथित अव्यवस्था के विरोध में रविवार को करीब 150 से 200 छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए। छात्रावास से करीब 30 किलोमीटर दूर बक्सर जिला मुख्यालय के लिए छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वे अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखना चाहते हैं।छात्रावास परिसर में हंगामे की सूचना मिलते ही वासुदेवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि छात्र-छात्राएं अपनी मांग पर अड़े रहे और पैदल आगे बढ़ते हुए कोरानसराय पहुंचे। वहां कोरानसराय थाने की पुलिस भी उनके साथ रही। इसके बाद डुमरांव एसडीओ, जिला कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चों को समझाने का प्रयास किया।

__पानी समेत कई सुविधाओं की कमी का आरोप

छात्र-छात्राओं ने छात्रावास में पानी समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया। इसके अलावा छात्रावास के प्रिंसिपल पर कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया। छात्र-छात्राएं जिला कल्याण पदाधिकारी को हटाने की मांग भी कर रहे थे। अधिकारी रास्ते भर बच्चों से उनकी समस्याएं जानने और उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे प्रशासन की ओर से बच्चों से वाहनों में बैठकर बक्सर चलने की अपील की गई, लेकिन वे जिलाधिकारी से सीधे मिलने की मांग पर कायम रहे।

__18 किलोमीटर पैदल चलने के बाद वाहन से जाने को तैयार

करीब 18 किलोमीटर पैदल चलने के बाद छात्र-छात्राएं सिकरौल नहर मार्ग पर पसहरा पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद वे वाहनों से बक्सर जाने के लिए तैयार हुए। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे रास्ते बच्चों के साथ रहे।

__दो बच्चों को लगी चोट

पैदल मार्च के दौरान ठोकर लगने से दो बच्चों ओमप्रकाश और 10 वर्षीय संजय कुमार के पैर के नाखून उखड़ गए। साथ चल रही डायल-112 की टीम ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।बाद में छात्र-छात्राएं बक्सर के आंबेडकर चौक पहुंचे और रेलवे स्टेशन मार्ग पर सड़क जाम कर धरना पर बैठ गए। सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बच्चों से समाहरणालय चलकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की और उनकी जायज मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, आंबेडकर चौक पर महदह स्थित अंबेडकर छात्रावास के छात्र तथा अनुसूचित जाति-जनजाति मुद्दों से जुड़े छात्र नेता और स्थानीय युवा भी पहुंचने लगे। देर शाम तक छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे।सूत्रों के मुताबिक उक्त छात्रावास में वर्ग एक से दसवीं तक कुल 316 और 11 वीं व 12वीं में 2 तथा आरा से आए हुए कुल लगभग 200 छात्र है।