गंगा में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव
चक्की प्रखंड के परानपुर के समीप शुक्रवार को गंगा में स्नान करने के दौरान डूबे करीब 18 वर्षीय युवक विक्रम यादव का शव 24 घंटे बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया। शनिवार दोपहर करीब दो बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर की दूरी पर पानी में शव तैरता दिखाई दिया।

__ गंगा की लहरों में समाया युवक, 24 घंटे बाद 300 मीटर दूर मिला शव
केटी न्यूज/डुमरांव :
चक्की प्रखंड के परानपुर के समीप शुक्रवार को गंगा में स्नान करने के दौरान डूबे करीब 18 वर्षीय युवक विक्रम यादव का शव 24 घंटे बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया। शनिवार दोपहर करीब दो बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर की दूरी पर पानी में शव तैरता दिखाई दिया। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलने की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान चक्की प्रखंड के भोला डेरा निवासी हरिगोविंद व्यास के पुत्र विक्रम यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शुक्रवार को विक्रम परानपुर के समीप गंगा में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

युवक के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में खोज अभियान शुरू किया।शुक्रवार देर शाम तक नदी में तलाश जारी रही, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के बाद अभियान रोक दिया गया। शनिवार सुबह दोबारा एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम नदी में उतरी और संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की। कई घंटे की तलाश के बाद दोपहर करीब दो बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर के दायरे में युवक का शव पानी में तैरता मिला।

शव बरामद होने के बाद चक्की पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।चक्की अंचलाधिकारी ने बताया कि आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत राज्य सरकार से मिलने वाली निर्धारित सहायता राशि मृतक के परिजनों को नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएगी।

