डुमरांव स्टेशन पर अधेड़ यात्री जख्मी, हालत गंभीर, रेफर
डुमरांव रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की देर रात ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी एक यात्री के लिए भारी पड़ गई। रात करीब 11 बजे ट्रेन में सवार होने के दौरान पैर फिसलने से 45 वर्षीय यात्री प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

__ ट्रेन में सवार होने के दौरान फिसला पैर, सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में लगी गंभीर चोटें; प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की देर रात ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी एक यात्री के लिए भारी पड़ गई। रात करीब 11 बजे ट्रेन में सवार होने के दौरान पैर फिसलने से 45 वर्षीय यात्री प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल की पहचान ब्रह्मपुर निवासी शशि रंजन सिंह, पिता आदित्य नारायण सिंह के रूप में हुई है।बताया जाता है कि शशि रंजन सिंह किसी कार्य से डुमरांव से ट्रेन पकड़कर बक्सर के रास्ते पटना जाने वाले थे। इसी दौरान स्टेशन के पूर्वी छोर पर ट्रेन के रुकते ही वे उसमें सवार होने का प्रयास कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी के बीच अचानक उनका पैर फिसल गया और वे असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म पर जा गिरे। सिर के बल गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी।

हादसा होते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही जीआरपी के जवान ताड़केश्वर पंडित, आरपीएफ के राज मुकुल तथा रेल यात्री कल्याण समिति के सदस्य राजीव रंजन सिंह मौके पर पहुंचे। सभी के सहयोग से घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।घायल की स्थिति गंभीर देखते हुए निजी अस्पताल से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों ने बेहतर और विशेष उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना घायल के परिजनों को दे दी गई है। देर रात तक परिजन भी अस्पताल पहुंचने की तैयारी में थे।रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना ने एक बार फिर ट्रेन पकड़ने के दौरान यात्रियों की जल्दबाजी और सावधानी की जरूरत को सामने ला दिया है।

