जर्जर सड़क पर नियंत्रण खोकर फिसली बाइक, गंगा स्नान से लौट रही महिला जख्मी, ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

चौसा-कोचस मार्ग की बदहाल तस्वीर अब राहगीरों के लिए परेशानी से आगे बढ़कर हादसों का कारण बनने लगी है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और बिखरी गिट्टियां दोपहिया वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बनी हुई हैं। शनिवार को इसी जर्जर सड़क ने एक और हादसे को जन्म दे दिया।

जर्जर सड़क पर नियंत्रण खोकर फिसली बाइक, गंगा स्नान से लौट रही महिला जख्मी, ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

केटी न्यूज/चौसा।

चौसा-कोचस मार्ग की बदहाल तस्वीर अब राहगीरों के लिए परेशानी से आगे बढ़कर हादसों का कारण बनने लगी है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और बिखरी गिट्टियां दोपहिया वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बनी हुई हैं। शनिवार को इसी जर्जर सड़क ने एक और हादसे को जन्म दे दिया। जदपुरा गांव के समीप सड़क पर बाइक फिसलने से उस पर सवार 50 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल महिला को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।घायल महिला की पहचान कोचस थाना क्षेत्र के दहेजवा गांव निवासी नन्दलाल चौधरी की पत्नी विमला चौधरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि जीवित्पुत्रिका पर्व के अवसर पर विमला चौधरी अपने पुत्र के साथ बक्सर जिला मुख्यालय स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गई थीं।

स्नान के बाद दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जदपुरा गांव के समीप सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर फिसल गई। हादसे में विमला चौधरी के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं।घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण उपेंद्र रजक ने ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को निजी वाहन से चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. नगमा बेगम ने उनका उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार महिला के सिर, हाथ और पैर में चोट लगी है, हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

__हर कदम पर गड्ढे, सफर बन रहा जोखिम भरा

चौसा-कोचस मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब बताई जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं और कई स्थानों पर सड़क की गिट्टियां उखड़कर बिखरी हुई हैं। खासकर बाइक सवारों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन दोपहिया वाहन चालक सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।