नया भोजपुर के फरार पशु तस्कर के घर झारखंड पुलिस ने चश्पाया इश्तेहार
झारखंड में पशु तस्करी के गंभीर मामले में पांच वर्षों से कानून की पकड़ से दूर चल रहे नया भोजपुर निवासी मुमताज पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दुमका जिला के रानेश्वर थाना क्षेत्र में झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 के तहत दर्ज कांड संख्या 35/21 में नामजद आरोपी के खिलाफ दुमका सिविल कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। नया भोजपुर थाना पुलिस ने रानेश्वर थाना दुमका की टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए आरोपी के घर पर इश्तहार तामील कर दिया।
-- एक महीने के अंदर हाजिर नहीं होने पर कुर्क होगी संपति, वर्ष 2021 से ही चल रहा है फरार
केटी न्यूज/डुमरांव
झारखंड में पशु तस्करी के गंभीर मामले में पांच वर्षों से कानून की पकड़ से दूर चल रहे नया भोजपुर निवासी मुमताज पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दुमका जिला के रानेश्वर थाना क्षेत्र में झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 के तहत दर्ज कांड संख्या 35/21 में नामजद आरोपी के खिलाफ दुमका सिविल कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। नया भोजपुर थाना पुलिस ने रानेश्वर थाना दुमका की टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए आरोपी के घर पर इश्तहार तामील कर दिया।
वर्ष 2021 में दर्ज इस मामले में मुमताज लगातार फरार है। पुलिस द्वारा नोटिस, समन और कई तरह की कानूनी प्रक्रियाओं के बावजूद आरोपी अदालत में हाजिर नहीं हुआ। उसके गैरहाजिर रहने पर न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए इश्तहार जारी करने का आदेश दिया। आदेश मिलते ही उप निरीक्षक विशाल खलखो और अजय कुमार के नेतृत्व में दुमका पुलिस की टीम नया भोजपुर पहुंची, जहां स्थानीय थाना पुलिस की मदद से आरोपी के घर और आसपास के क्षेत्रों में इश्तहार चस्पाया गया।
इश्तहार में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि आरोपी को 20 दिसंबर 2025 तक हर हाल में न्यायालय के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य है। तय समय सीमा में पेशी नहीं होने की स्थिति में अदालत के निर्देश के अनुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। पुलिस टीम ने परिजनों को कोर्ट आदेश की प्रति सौंपते हुए चेताया कि अदालत की प्रक्रिया में सहयोग न करने पर कानूनी कार्रवाई और भी कठोर हो सकती है।
नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना मिले तो तुरंत थाने को अवगत कराएं, ताकि शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस की इस कड़ी कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल है और यह संदेश साफ हो गया है कि कानून से लगातार भागने वालों पर अब कड़ी नजर रखी जा रही है।

