झोपड़ी में लगी आग से किसान को भारी नुकसान, एक गाय की मौत; मुआवजे की मांग तेज

थाना क्षेत्र के खीरी पंचायत अंतर्गत कोनौली गांव में सोमवार देर शाम आग लगने की घटना में एक किसान को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा। झोपड़ीनुमा गोशाला में लगी आग से एक गाय की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है।

झोपड़ी में लगी आग से किसान को भारी नुकसान, एक गाय की मौत; मुआवजे की मांग तेज

केटी न्यूज/राजपुर। 

थाना क्षेत्र के खीरी पंचायत अंतर्गत कोनौली गांव में सोमवार देर शाम आग लगने की घटना में एक किसान को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा। झोपड़ीनुमा गोशाला में लगी आग से एक गाय की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है।जानकारी के अनुसार, किसान भैरो साह रोज की तरह सोमवार शाम अपने मवेशियों को चारा-पानी देने के बाद घर लौट गए थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से निकली चिंगारी ने फूस और सूखी घास से बनी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गोशाला धू-धू कर जलने लगी।

आग की लपटें और धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बावजूद आग पर काबू पाने से पहले ही झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे में अंदर बंधी एक गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरी गाय को बाहर निकाला, जो गंभीर रूप से झुलस गई है।घटना की सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल गाय का उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।घटना के बाद पीड़ित किसान और उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय समाजसेवी उमेश कुशवाहा ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से पीड़ित किसान को शीघ्र आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले की जांच कर राहत प्रदान करने की अपील की है।