जमीन की नींव खोदने को लेकर विवाद, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई एफआईआर
स्थानीय थाना क्षेत्र के अहिवरन राय के डेरा गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद मामला थाने तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिनका इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के अहिवरन राय के डेरा गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद मामला थाने तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिनका इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, एक पक्ष की महिला ने थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि 13 जून को वह अपनी भूमि पर निर्माण कार्य के लिए नींव खुदवा रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और कार्य का विरोध करने लगे।

आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में महिला और उसके पति घायल हो गए। महिला के बयान पर पुलिस ने रोधन यादव, सुरेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव समेत पांच लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।वहीं दूसरे पक्ष के वीरेंद्र यादव ने भी थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि संबंधित लोग उनकी जमीन पर जबरन नींव खोद रहे थे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गए। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने हरवंश यादव, शेखर यादव, मोहन यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। दोनों ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

