इलाज के लिए निकले थे, रास्ते में थम गईं दो जिंदगियां

इलाज की उम्मीद लेकर घर से निकला एक परिवार कुछ ही देर बाद मातम में डूब गया। शनिवार की दोपहर एनएच-319 पर रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिया गांव के समीप तेज रफ्तार भूसा लदे पिकअप ने टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी।

इलाज के लिए निकले थे, रास्ते में थम गईं दो जिंदगियां

__ एनएच-319 पर भूसा लदे पिकअप ने टेम्पो में मारी जोरदार टक्कर, चाचा-भतीजे की मौके पर मौत; एक ही परिवार के पांच लोग घायल

केटी न्यूज/बक्सर।

इलाज की उम्मीद लेकर घर से निकला एक परिवार कुछ ही देर बाद मातम में डूब गया। शनिवार की दोपहर एनएच-319 पर रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिया गांव के समीप तेज रफ्तार भूसा लदे पिकअप ने टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो में सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर बासुदेवा बिंद डेरा पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया।मृतकों की पहचान बासुदेवा थाना क्षेत्र के बासुदेवा बिंद डेरा निवासी श्रीभगवान बिंद (62) और उनके भतीजे हरेन्द्र बिंद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि श्रीभगवान बिंद को लकवा मार गया था।

शनिवार को परिजन उन्हें इलाज के लिए टेम्पो से गौरा ले जा रहे थे। उनके साथ परिवार और गांव के अन्य लोग भी सवार थे। इसी दौरान मठिया गांव के समीप सामने से अथवा पीछे से आ रहे भूसा लदे पिकअप ने टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टेम्पो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग हादसे की चपेट में आ गए। दुर्घटना में चालक लखेन्द्र चौरसिया, मनजी चौधरी, सुनील प्रसाद, कृष्णा देवी और किरण देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।

दिनारा थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना में श्रीभगवान बिंद और हरेन्द्र बिंद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।उधर, एक ही गांव के चाचा-भतीजे की एक साथ मौत से बासुदेवा बिंद डेरा में मातम पसरा हुआ है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है। जिस घर से इलाज की उम्मीद लेकर लोग निकले थे, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही खुशियों की जगह मातम ने ले ली।