ब्रेक और स्टीयरिंग फेल होने से डिवाइडर पर चढ़ी यात्री बस, बाल-बाल बचे दर्जनों यात्री

स्थानीय थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कृष्णाब्रह्म बाजार से बक्सर की ओर जा रही एक यात्री बस का ब्रेक और स्टीयरिंग अचानक फेल हो जाने से बस अनियंत्रित होकर संपर्क पथ पर बने डिवाइडर से टकरा गई।

ब्रेक और स्टीयरिंग फेल होने से डिवाइडर पर चढ़ी यात्री बस, बाल-बाल बचे दर्जनों यात्री

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म 

स्थानीय थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कृष्णाब्रह्म बाजार से बक्सर की ओर जा रही एक यात्री बस का ब्रेक और स्टीयरिंग अचानक फेल हो जाने से बस अनियंत्रित होकर संपर्क पथ पर बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और बस की रफ्तार कम होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस कृष्णाब्रह्म बाजार से निकलकर पटना-बक्सर एनएच-922 पर चढ़ने ही वाली थी कि अचानक उसका ब्रेक और स्टीयरिंग दोनों ने काम करना बंद कर दिया।

वाहन पर नियंत्रण खोते ही बस सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि अचानक हुए हादसे से सभी घबरा गए थे, लेकिन राहत की बात रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। हादसे के बाद चालक बस को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे यात्रियों में नाराजगी भी देखी गई।बस के खराब हो जाने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाद में सभी यात्रियों ने दूसरे वाहनों की मदद से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बसों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना फिटनेस और समुचित जांच के सड़क पर दौड़ रहे वाहनों के कारण यात्रियों की जान हमेशा खतरे में रहती है। लोगों ने परिवहन विभाग से ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।