एनएच-922 पर अचानक रुकी दूध वाहन में ट्रेलर की भिड़ंत, दो घायल; एक की हालत गंभीर
पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-922) पर बुधवार को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव स्थित सुधा डेयरी के समीप एक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रही दूध ढोने वाली पिकअप वाहन अचानक सड़क पर रुक गई और पीछे से आ रहे गिट्टी लदे ट्रेलर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-922) पर बुधवार को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव स्थित सुधा डेयरी के समीप एक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रही दूध ढोने वाली पिकअप वाहन अचानक सड़क पर रुक गई और पीछे से आ रहे गिट्टी लदे ट्रेलर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप पलट गई और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुधा डेयरी की पिकअप उत्तरी लेन से ब्रह्मपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने दूध के केन उतारने के लिए वाहन को अचानक मुख्य सड़क पर ही रोक दिया। पीछे से आ रहा गिट्टी लदा ट्रेलर समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और सीधे पिकअप से जा टकराया।

हादसे के बाद पिकअप सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार कमलेश कुमार (निवासी नुआंव) और जयनाथ चौधरी (निवासी पुराना भोजपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को सीधा कर मौके से फरार हो गया, जबकि गिट्टी लदा ट्रेलर सड़क किनारे कच्ची जमीन में धंस गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ फरार पिकअप चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।

