काजीपुर के कामगर की दुबई में मौत, परिजनों में पसरा मातम

काजीपुर के कामगर की दुबई में मौत, परिजनों में पसरा मातम

- 10 दिन पहले ही दुबई के लिए घर से गया था मृतक, साथ रह रहे पड़ोसी गांव के युवक ने दी सूचना

- दुबई के जबलाली स्थित अलबस्ति कंपनी में बतौर सेटरिंग कारपेंटर करता था काम

केटी न्यूज/सिमरी

स्थानीय थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी एक कामगर की दुबई में मौत हो गई है। इसकी जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक अभी 15 जून को ही घर से दुबई के लिए चला था और 18 जून को वहां पहुंचा था। इसी बीच 24 जून को बुखार लगने से उसकी मौत हो गई।

उसके साथ रह रहे पड़ोसी गांव दुरासन के एक युवक ने घरवालों को इस मनहूस घटना की जानकारी दी। बाद मे कंपनी वालों ने भी घरवालों को अपने स्तर से इतला किया तथा दो दिन बाद शव भेजने का आश्वासन दिया है। मृतक की पहचान काजीपुर के महेन्द्र सिंह के 41 वर्षीय पुत्र मनोज सिंह के रूप में हुई है। परिजनों की मानें तो वह एक दशक से खाड़ी देशों में रह रहा था। वर्तमान में वह दुबई के जबलाली इलाके में स्थित अलबस्ति कंपनी में

बतौर सेटरिंग कारपेंटर काम करता था। उसका छोटा भाई शोभनाथ भी अभी मॉरीशस में रह मजदूरी करता है। जबकि बड़ा भाई भोला सिंह मध्य प्रदेश के कअनी में रह जीविकोपार्जन करता है। भाई की मौत की खबर सुन भोला गांव आ चुका है। जबकि शोभनाथ भी मॉरीशस से चलने की तैयारी कर रहा था। मनोज की मौत की खबर से गांव में भी मायूशी छाई है।

पति की मौत के बाद सदमे में है पत्नी

बता दें कि मृतक की शादी हो चुकी थी। उसे एक लड़का तथा एक लड़की भी है। लड़की निधि बड़ी है जो इंटर में पढ़ती है, वही लड़का सूरज मैट्रिक का छात्र है। पिता की मौत की जानकारी मिलने के बाद से दोनों का रो रोकर बुरा हाल है। जबकि मृतक की पत्नी संगीता देवी के आंसू थमने के नाम नहीं ले रहे है। कमाउ पूत के मौत से परिवार पर मानो गम का पहाड़ टूट पड़ा है। बूढे़ पिता महेन्द्र की मानों बुढ़ापे की लाठी टूट गई है।