पुलिस की दबिश से बची मासूम: अपहर्ता तटबंध के पास छोड़कर फरार, बाल कल्याण समिति के संरक्षण में सुरक्षित
डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव से लापता सात वर्षीय मासूम तान्या पाठक सकुशल बरामद कर ली गई है। पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश और चौकसी के कारण अपहर्ता बच्ची को छोड़कर फरार हो गए। बच्ची रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र के गंगौली गांव के समीप कोईलवर तटबंध के पास मिली, जहां से पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद किया।
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव से लापता सात वर्षीय मासूम तान्या पाठक सकुशल बरामद कर ली गई है। पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश और चौकसी के कारण अपहर्ता बच्ची को छोड़कर फरार हो गए। बच्ची रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र के गंगौली गांव के समीप कोईलवर तटबंध के पास मिली, जहां से पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद किया।बताया जाता है कि जैसे ही बच्ची के लापता होने की सूचना पर डुमरांव पुलिस सक्रिय हुई, विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई।

आसपास के इलाकों में सघन जांच, चौक-चौराहों पर निगरानी और संदिग्धों से पूछताछ के कारण अपहर्ताओं पर दबाव बढ़ गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि अपहर्ताओं की मंशा बच्ची को अगवा कर उत्तर प्रदेश ले जाने की थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उनका मंसूबा नाकाम हो गया।दबाव बढ़ता देख अपहर्ता बच्ची को गंगौली गांव के समीप कोईलवर तटबंध के पास छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लिया। चिकित्सकीय जांच के बाद उसे सुरक्षित बाल कल्याण समिति के संरक्षण में रखा गया है।

डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस की सक्रियता के कारण ही बच्ची सकुशल बरामद हो सकी। उन्होंने बताया कि सोमवार को न्यायालय में धारा 164 के तहत बच्ची का बयान दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।मासूम के सकुशल मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली है। गांव में खुशी का माहौल है और लोग पुलिस की तत्परता की सराहना कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द ही कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

