नेनुआ गांव से सात वर्षीय मासूम लापता, परिजन परेशान, तलाश में जुटी पुलिस
डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव से सात वर्षीय मासूम के लापता होने से स्वजनों में चिंता का माहौल है। गांव निवासी मनोज पाठक की पुत्री तान्या पाठक शनिवार की सुबह सात बजे घर के समीप खेलते समय अचानक लापता हो गई। कुछ घंटे तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ गई और उन्होंने आसपास के खेत-खलिहानों व पड़ोस के घरों में खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव थाना क्षेत्र के नेनुआ गांव से सात वर्षीय मासूम के लापता होने से स्वजनों में चिंता का माहौल है। गांव निवासी मनोज पाठक की पुत्री तान्या पाठक शनिवार की सुबह सात बजे घर के समीप खेलते समय अचानक लापता हो गई। कुछ घंटे तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ गई और उन्होंने आसपास के खेत-खलिहानों व पड़ोस के घरों में खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने इसकी सूचना डुमरांव थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और गांव पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा संभावित स्थानों की तलाशी ली जा रही है तथा आसपास के इलाकों में पूछताछ भी की जा रही है। ग्रामीणों ने भी बच्ची की खोज में पूरी रात पुलिस का सहयोग किया।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। आसपास के मार्गों और प्रमुख स्थानों पर नजर रखी जा रही है।घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों में मातम जैसा माहौल है और हर कोई बच्ची की सकुशल बरामदगी की दुआ कर रहा है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बच्ची के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तुरंत स्थानीय थाना को सूचित करें, ताकि उसे सुरक्षित वापस लाया जा सके।

