स्कूल जा रहे दो मासूमों को रौंद गया बालू लदा ट्रैक्टर, एक की दर्दनाक मौत

सिकरौल थाना क्षेत्र के बसाव कला गांव में शनिवार की सुबह बेलगाम रफ्तार ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली, जबकि दूसरा बच्चा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। स्कूल जाने के लिए घर से निकले दो बच्चों को तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरा इलाका शोक में डूब गया।

स्कूल जा रहे दो मासूमों को रौंद गया बालू लदा ट्रैक्टर, एक की दर्दनाक मौत

-- सिकरौल थाना क्षेत्र के बसाव कला में सुबह-सुबह हुआ भीषण हादसा, दूसरा बच्चा गंभीर, चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार, ग्रामीणों में उबाल

केटी न्यूज/नावानगर

सिकरौल थाना क्षेत्र के बसाव कला गांव में शनिवार की सुबह बेलगाम रफ्तार ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली, जबकि दूसरा बच्चा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। स्कूल जाने के लिए घर से निकले दो बच्चों को तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरा इलाका शोक में डूब गया।जानकारी के अनुसार, बसाव कला निवासी राजेंद्र कुमार सिंह के 7 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार उर्फ बुलबुल और मिथलेश पाल के 8 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पाल प्रतिदिन की तरह मध्य विद्यालय बसाव कला पढ़ने जा रहे थे।

दोनों बच्चे जैसे ही ठाकुरपुर-बसाव कला मार्ग पर पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।हादसा इतना भीषण था कि ऋतिक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल सुजीत को ग्रामीणों ने तत्काल बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया।दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिकरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में अवैध बालू ढुलाई और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।थानाध्यक्ष अंकुश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। वहीं ग्रामीणों ने स्कूल मार्ग पर स्पीड ब्रेकर निर्माण, पुलिस गश्त बढ़ाने और बालू ढुलाई पर सख्ती की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।