तालाब में नहाने उतरे किसान की डूबने से मौत, बन्नी गांव में पसरा मातम
बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के बन्नी गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बुधवार की सुबह उसका शव तालाब में उतराया मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


__ धनसोई थाना क्षेत्र के उत्तर तालाब में हादसा, दूसरे दिन उतराया मिला शव, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, ग्रामीणों ने चेतावनी बोर्ड व सुरक्षा इंतजाम की उठाई मांग
केटी न्यूज/राजपुर
बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के बन्नी गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बुधवार की सुबह उसका शव तालाब में उतराया मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।मिली जानकारी के अनुसार बन्नी गांव निवासी शिव कुमार पासी (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय शिव योग पासी मंगलवार की दोपहर में कृषि कार्य के सिलसिले में गांव के उत्तर स्थित तालाब की ओर गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक वह तालाब में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकले तो आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।

देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और स्थानीय स्तर पर उनकी तलाश शुरू की गई।घटना की सूचना मिलने पर धनसोई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद भी लापता शिव कुमार पासी का पता नहीं चल सका, लेकिन सुबह में उनका शव तालाब में उतराया मिला।शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।धनसोई थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस घटना को लेकर बेहद दुखी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उत्तर तालाब के गहरे हिस्सों को स्पष्ट रूप से चिन्हित कराया जाए तथा चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। उनका कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण पहले भी कई बार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने ऐसे जलाशयों के आसपास आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

