मोबाइल दुकान की आड़ में चल रही थी शराब महफिल, कट्टा-कारतूस के साथ तीन दबोचे

डुमरांव शहर में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में चल रही शराब पार्टी का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद मामला और गंभीर हो गया।

मोबाइल दुकान की आड़ में चल रही थी शराब महफिल, कट्टा-कारतूस के साथ तीन दबोचे

__ डुमरांव पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई; गुप्त सूचना पर छापेमारी में शराब, अवैध हथियार बरामद, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी होगी जांच

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव शहर में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में चल रही शराब पार्टी का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, मद्य निषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के एक मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में कुछ लोग शराब का सेवन कर रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने डुमरांव स्थित राहुल मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर तीन लोग शराब पीते मिले। पुलिस को देखते ही एक युवक हथियार छिपाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान दुकान से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस तथा लगभग 75 मिलीलीटर शराब बरामद हुई। मेडिकल जांच में तीनों के शराब सेवन की पुष्टि भी हुई।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी वशिष्ठ जी तिवारी ने बरामद हथियार और कारतूस अपना होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने डुमरांव थाना कांड संख्या 181/26 दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरांव निवासी प्रकाश कुमार मिश्रा, बक्सर के उपाध्यायपुर निवासी वशिष्ठ जी तिवारी तथा डुमरांव के राजगढ़ निवासी राहुल कुमार उर्फ दशरथ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब तीनों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।

इस अभियान में एएसपी पोलस्त कुमार, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, सीआई अरविंद कुमार, प्रशिक्षु दारोगा शैलेश कुमार शर्मा, एएसआई बबीता कुमारी, डीआईयू टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब, हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि कहीं भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह भी संतोषी सिनेमा परिसर में चल रहे अवैध जुआ अड्डे पर छापेमारी कर 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।