गरहथा खुर्द गांव में भीषण चोरी, 2 लाख नगद समेत 20 लाख के आभूषण व कीमती बर्तन ले उड़े चोर

गरहथा खुर्द गांव में भीषण चोरी, 2 लाख नगद समेत 20 लाख के आभूषण व कीमती बर्तन ले उड़े चोर

- चोरों का पता लगाने में खोजी कुत्ता भी हुआ विफल

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा खुर्द गांव के एक घर में चोरों ने चोरी की भीषण घटना को अंजाम दिया है। चोरी की यह वारदात बुधवार रात सत्येन्द्र सिंह के घर हुई है। दीवार फांद घर में घुसे चोरों ने 2 लाख नगद, 18 लाख के सोने के आभूषण तथा करीब दो लाख रूपए मूल्य के चांदी व तांबे के कीमती बर्तनों को चुरा लिया है। गुरूवार की सुबह जब घरवालों की नींद खुली तथा घर के बिखरे सामानों को देखा तो उन्हें चोरी  की बात समझ में आई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने इस मामले के उद्भेदन के लिए खोजी कुत्ते का सहारा भी लिया है। इस संबंध में पीड़ित परिवार के सुशील सिंह ने बताया कि बुधवार की रात घर के सभी सदस्य खाना खाकर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर में प्रवेश कर आलमीरा तोड़ उसमें रखे 2 लाख नगद तथा 18 लाख के सोने के आभूषण व चांदी तथा तांबे के बर्तनों से भरे बक्शे को चुरा लिया है।

चोरी की बात समझ में आते ही परिजनों के चेहरे पर मायूशी छा गई। वही इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल ब्रह्मपुर पुलिस हरकत में आई तथा चोरों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्ते को बुलवाया गया। खोजी कुत्ता के आने के बाद उसके निशानदेही पर गांव से बाहर बधार में चोरों द्वारा तोड़कर फेंके गए बक्शे बरामद हुए। लेकिन उसमें रखे आभूषण, बर्तन तथा अन्य कीमती सामान गायब थे। चोरी की इस वारदात के बाद ग्रामीण भयजदा है।

वही इस वारदात ने ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए है। इस संबंध में पीड़ित गृहस्वामी द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया है। ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष बैजनाथ चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरों को जल्दी पकड़ लिया जाएगा।