मां डुमरेजनी धारा धाम में स्वास्थ्य सेवा का महाअभियान, निशुल्क शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़

सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए मां डुमरेजनी धारा धाम में मंजु संवर्धन फाउंडेशन के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। "सेवा ही हमारा संकल्प है" थीम पर आयोजित इस शिविर में डुमरांव एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।

मां डुमरेजनी धारा धाम में स्वास्थ्य सेवा का महाअभियान, निशुल्क शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़

__ मंजु संवर्धन फाउंडेशन के प्रथम स्थापना दिवस पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श व जांच की सुविधा, सैकड़ों मरीज हुए लाभान्वित

केटी न्यूज/डुमरांव 

सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए मां डुमरेजनी धारा धाम में मंजु संवर्धन फाउंडेशन के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। "सेवा ही हमारा संकल्प है" थीम पर आयोजित इस शिविर में डुमरांव एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।शिविर का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, नगर परिषद डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, मंजु संवर्धन फाउंडेशन के संस्थापक जितेंद्र भगत तथा समाजसेवी सच्चिदानंद भगत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। अतिथियों ने इस पहल को समाजहित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।

शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें डॉ. शैलेश श्रीवास्तव (एमबीबीएस, एमडी), डॉ. अजय कुमार (एमएस, जनरल सर्जरी), डॉ. लीना कुमारी (महिला रोग विशेषज्ञ), डॉ. हिमांशु पांडेय (दंत एवं ओरल सर्जन) तथा डॉ. दिलीप सिंह (जनरल फिजिशियन) शामिल रहे। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके साथ ही रक्तचाप, रक्त शर्करा, दंत परीक्षण तथा महिला स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं परामर्श की निशुल्क व्यवस्था की गई।आयोजन का नेतृत्व कर रहीं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. वंदना भगत ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना फाउंडेशन का मूल उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि "सेवा ही हमारा संकल्प है" केवल एक संदेश नहीं, बल्कि जनकल्याण के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी मंजु संवर्धन फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।शिविर के सफल आयोजन में ओम ज्योति भगत, नंद लाल पंडित, राकेश कुमार गौतम, राजीव कुमार भगत, राहुल राय, मोहन गुप्ता, अमित कुमार, शशि भूषण, रामेश्वर सोनी, जयंत भगत, गौरव भगत सहित अनेक समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला और ग्रामीणों ने इसे जनसेवा की सराहनीय पहल बताया।