12 जुलाई को बक्सर में होगी अवर निरीक्षक मद्य निषेध परीक्षा, 18 केंद्रों पर 7032 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) की विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध पद के लिए 12 जुलाई को आयोजित होने वाली प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।

12 जुलाई को बक्सर में होगी अवर निरीक्षक मद्य निषेध परीक्षा, 18 केंद्रों पर 7032 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

__ कदाचार रोकने को चार उड़नदस्ता, 18 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात; 200 मीटर दायरे में धारा-163 लागू, फोटोस्टेट दुकानें रहेंगी बंद

केटी न्यूज/बक्सर। 

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) की विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध पद के लिए 12 जुलाई को आयोजित होने वाली प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग कर परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।जिले में परीक्षा के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 7032 अभ्यर्थी एकल पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक परीक्षा देंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम रहेंगे।

प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस बल और प्रेक्षक तैनात रहेंगे, जबकि 18 जोनल मजिस्ट्रेट तथा चार वरीय उड़नदस्ता लगातार औचक निरीक्षण करेंगे। कदाचार या इम्परसोनेशन की किसी भी घटना पर तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी।परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शौचालय जाने और लौटने पर तलाशी अनिवार्य होगी तथा परीक्षा समाप्ति के अंतिम 30 मिनट में किसी भी परीक्षार्थी को शौचालय जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पीडीए, क्लिप बोर्ड, सादा कागज सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक अथवा प्रतिबंधित सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।

परीक्षा संचालन के लिए समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06183-222154 रहेगा।इसके प्रभारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कुमार नचिकेता होंगे। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक दंडाधिकारी एवं कर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन मिल सके और भीड़ के बीच विधि-व्यवस्था बनी रहे।प्रशासन ने होटल, लॉज और अन्य ठहराव स्थलों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वहीं परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रहेगी।

परीक्षा समाप्त होने तक केंद्रों के आसपास की फोटोस्टेट दुकानें बंद रहेंगी तथा कोचिंग संस्थानों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया की निगरानी के लिए साइबर थाना सक्रिय रहेगा और आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस, चिकित्सक दल और ट्रैफिक व्यवस्था की भी विशेष तैयारी की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूरे परीक्षा संचालन और विधि-व्यवस्था की कमान संभालेंगे तथा लगातार सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहेंगे।