वाशिंग सेंटर में छिपाकर रखी थी शराब की खेप, छापेमारी से पहले धंधेबाज फरार
कोरानसराय थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चौंंगाई मार्ग स्थित एक कार वाशिंग सेंटर से 231 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई की भनक लगते ही शराब के धंधे से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक टाटा नैनो कार भी जब्त की है।

__231 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, टाटा नैनो जब्त; पुलिस ने शुरू की तस्करों की पहचान
केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चौंंगाई मार्ग स्थित एक कार वाशिंग सेंटर से 231 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई की भनक लगते ही शराब के धंधे से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक टाटा नैनो कार भी जब्त की है। पुलिस अब जब्त वाहन के आधार पर शराब कारोबार से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कवायद में जुटी है।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चौंंगाई मार्ग स्थित कार वाशिंग सेंटर में शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद धंधेबाजों को कार्रवाई की भनक लग गई और वे मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

इसके बाद पुलिस टीम ने वाशिंग सेंटर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखी गई 231 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त करने के साथ ही मौके से टाटा नैनो वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया।पुलिस का मानना है कि जब्त वाहन का इस्तेमाल शराब के परिवहन में किया जाता रहा होगा। फिलहाल पुलिस वाहन के कागजात और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार धंधेबाजों की पहचान में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

