केसठ में अपराध की योजना बनाते दो शातिर गिरफ्तार, देशी कट्टा बरामद
अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बक्सर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने केसठ पुराना बाजार स्थित एक ठिकाने से एक देसी कट्टा बरामद करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।

__ एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी जानकारी, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
केटी न्यूज/डुमरांव
अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बक्सर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने केसठ पुराना बाजार स्थित एक ठिकाने से एक देसी कट्टा बरामद करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।शनिवार को एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दी।प्रेस वार्ता में एसडीपीओ ने बताया कि शुक्रवार की रात सूचना मिली थी कि नावानगर थाना क्षेत्र के केसठ पुराना बाजार में कुछ युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद हैं तथा वे किसी बड़े आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में लगे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने नावानगर थाना क्षेत्र के केसठ पुराना बाजार स्थित चिमनी भट्ठा के समीप बाजार में छापेमारी की गई।पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद दो युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता और घेराबंदी के कारण दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। बरामद हथियार के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नावानगर थाना क्षेत्र के केसठ निवासी राकेश कुमार और महेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नावानगर थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार राकेश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर नावानगर थाना कांड संख्या 132/23 सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा कोरानसराय थाना में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज बताया गया है। इससे पुलिस को आशंका है कि आरोपी का अवैध गतिविधियों से पुराना संबंध रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।छापेमारी दल में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार तथा नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

