डाक पार्सल की आड़ में शराब की बड़ी खेप, 10 लाख की विदेशी शराब के साथ दो गिरफ्तार
डाक पार्सल वाहन की आड़ में शराब की बड़ी खेप बिहार पहुंचाने की कोशिश को उत्पाद विभाग की टीम ने वीर कुंवर सिंह सेतु पर नाकाम कर दिया। रविवार को वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग ने एक महिंद्रा पिकअप से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 844.20 लीटर हरियाणा निर्मित विदेशी शराब बरामद की।

__ वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई, पिकअप से 95 कार्टून में 844.20 लीटर हरियाणा निर्मित शराब बरामद
केटी न्यूज/बक्सर।
डाक पार्सल वाहन की आड़ में शराब की बड़ी खेप बिहार पहुंचाने की कोशिश को उत्पाद विभाग की टीम ने वीर कुंवर सिंह सेतु पर नाकाम कर दिया। रविवार को वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग ने एक महिंद्रा पिकअप से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 844.20 लीटर हरियाणा निर्मित विदेशी शराब बरामद की। शराब को 95 कार्टून में छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उत्पाद विभाग ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम वीर कुंवर सिंह सेतु पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान डाक पार्सल के रूप में पंजीकृत महिंद्रा पिकअप संदिग्ध प्रतीत हुआ। टीम ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली तो अंदर शराब के कार्टून देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। गहन जांच के बाद वाहन से रॉयल ग्रीन व्हिस्की की बड़ी खेप बरामद की गई।

तीन श्रेणियों में थी शराब की खेप
उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब में 25 पेटी क्वार्टर, 30 पेटी हाफ और 40 पेटी फुल बोतल शामिल हैं। कुल 95 कार्टून में रखी शराब की मात्रा 844.20 लीटर आंकी गई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये है। शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप को भी उत्पाद विभाग ने जब्त कर लिया है।

__ जालंधर से पूर्णिया जा रही थी खेप
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना के कुमकुला थाना क्षेत्र निवासी गुरमीत सिंह के 25 वर्षीय पुत्र नवदीप सिंह तथा प्रदीप कुमार के 25 वर्षीय पुत्र इंदर कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने उत्पाद विभाग को बताया कि शराब की खेप जालंधर से पूर्णिया ले जाई जा रही थी। हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप किसके कहने पर और किसे पहुंचाई जानी थी, इसे लेकर विभाग की जांच जारी है।उत्पाद विभाग अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। पूछताछ के आधार पर खेप के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

