किराना दुकान की आड़ में चल रहा था शराब का कारोबार, 25 लीटर शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार

राजपुर थाना क्षेत्र के मंगराव पंचायत स्थित रौनी गांव में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किराना दुकान की आड़ में संचालित किए जा रहे शराब के धंधे का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 25 लीटर देशी एवं विदेशी शराब बरामद की, जबकि मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

किराना दुकान की आड़ में चल रहा था शराब का कारोबार, 25 लीटर शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार

केटी न्यूज/राजपुर :

राजपुर थाना क्षेत्र के मंगराव पंचायत स्थित रौनी गांव में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किराना दुकान की आड़ में संचालित किए जा रहे शराब के धंधे का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 25 लीटर देशी एवं विदेशी शराब बरामद की, जबकि मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि रौनी गांव में एक किराना दुकान से चोरी-छिपे अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद राजपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान के भीतर से अलग-अलग ब्रांड की कुल 25 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।छापेमारी के दौरान दुकान संचालक एवं मुख्य आरोपी उमेश सिंह उर्फ डब्लू सिंह पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पहले से सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया।राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किराना दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री कर रहा था।

मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।