पूजा पंडालों में गूंजा स्वच्छता का संदेश, जीरो वेस्ट इवेंट पर जोर

स्वच्छ नवरात्रि, सुंदर डुमरांव और कचरे का बेहतर प्रबंधन। इसी संकल्प के साथ स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत डुमरांव नगर परिषद के स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेसडर अजय राय ने मंगलवार को नगर के विभिन्न पूजा पंडालों में जागरूकता अभियान चलाया।

पूजा पंडालों में गूंजा स्वच्छता का संदेश, जीरो वेस्ट इवेंट पर जोर

__ अजय राय ने चलाया जागरूकता अभियान, गीले-सूखे कचरे को अलग रखने और फूल-पत्तों से खाद बनाने की अपील

केटी न्यूज/डुमरांव।

स्वच्छ नवरात्रि, सुंदर डुमरांव और कचरे का बेहतर प्रबंधन। इसी संकल्प के साथ स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत डुमरांव नगर परिषद के स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेसडर अजय राय ने मंगलवार को नगर के विभिन्न पूजा पंडालों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर धार्मिक आयोजनों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता से जुड़ा अभियान है।अजय राय ने पूजा समितियों को जीरो वेस्ट इवेंट की अवधारणा समझाते हुए कहा कि पूजा पंडालों में कूड़ा-कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय उसे निर्धारित स्थान पर एकत्र किया जाना चाहिए।

गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था हो, ताकि उसका उचित निस्तारण किया जा सके। इससे पूजा पंडालों में साफ-सफाई बनी रहेगी और श्रद्धालुओं को भी स्वच्छ वातावरण मिलेगा।उन्होंने पूजा में इस्तेमाल होने वाले फूल, पत्ते और अन्य जैविक सामग्रियों को सामान्य कचरे में मिलाने के बजाय अलग से एकत्र करने पर विशेष जोर दिया। इन सामग्रियों से कंपोस्टिंग के जरिए जैविक खाद तैयार की जा सकती है, जिसका दोबारा उपयोग भी संभव है। इससे कचरे की मात्रा कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

अभियान के दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास दुकानों और रास्तों की साफ-सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यदि पूजा समितियां, दुकानदार और नागरिक मिलकर प्रयास करें, तो नवरात्रि के दौरान डुमरांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के साथ कचरे को उपयोगी संसाधन में बदला जा सकता है।