दुर्गापूजा में हुड़दंग और अफवाहों पर रहेगी पुलिस की नजर

दुर्गापूजा के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पूजा को लेकर मंगलवार को कृष्णाब्रह्म थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दुर्गापूजा में हुड़दंग और अफवाहों पर रहेगी पुलिस की नजर

__ कृष्णाब्रह्म में शांति समिति की बैठक, पंडालों की सुरक्षा से लेकर जुलूस के नियमों तक पर हुई चर्चा

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।

दुर्गापूजा के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पूजा को लेकर मंगलवार को कृष्णाब्रह्म थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने की।बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। थानाध्यक्ष ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था और भाईचारे का पर्व है। ऐसे में सभी पूजा समितियां प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने, भीड़ को नियंत्रित रखने तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। जुलूस निकालने के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और नियमों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस ने पूजा समितियों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्वयंसेवकों की तैनाती कर व्यवस्था संभालने में सहयोग करने को कहा।

थानाध्यक्ष ने लोगों से सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।बैठक में शामिल पूजा समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। मौके पर ओम प्रकाश सिंह, समीर कुमार, ज्योति प्रकाश यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।