कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने बेबाकी से रखीं समस्याएं, बीडीओ ने दिया समाधान का भरोसा

तियरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में मंगलवार को छात्राओं ने पढ़ाई के साथ विद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने बेबाकी से रखीं। छात्राओं ने बैग, बोतल और पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने तथा स्कूल ड्रेस की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत की।

कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने बेबाकी से रखीं समस्याएं, बीडीओ ने दिया समाधान का भरोसा

केटी न्यूज/राजपुर

तियरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में मंगलवार को छात्राओं ने पढ़ाई के साथ विद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने बेबाकी से रखीं। छात्राओं ने बैग, बोतल और पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने तथा स्कूल ड्रेस की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत की। विद्यालय की टूटी चहारदीवारी को लेकर भी उन्होंने सुरक्षा संबंधी चिंता जताई। समस्याएं सामने आने पर बीडीओ मनोज कुमार ने नाराजगी जताते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।सरकार के निर्देश पर आयोजित शिविर का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, बीडीओ मनोज कुमार और मुखिया प्रतिनिधि रामअवतार राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक जितेंद्र प्रसाद सिंह ने की।जिला कृषि पदाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनकी रुचि और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। छात्राओं ने शिक्षक, डॉक्टर, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी बनने की इच्छा जताई। बीडीओ ने कहा कि अनुशासन और नियमित अध्ययन सफलता की बुनियाद है। शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और शिक्षित नागरिक ही समाज व देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।उन्होंने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी।

किसी भी तरह की गलत हरकत होने पर चुप नहीं रहने, विरोध करने तथा इसकी जानकारी अभिभावक और शिक्षकों को देने की सलाह दी। जरूरत पड़ने पर पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की मदद लेने की बात कही।छात्राओं की शिकायतों पर बीडीओ ने संबंधित स्तर पर समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए कहा कि विद्यालय में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।मौके पर बीएओ ऋषिकेश यादव, वार्डेन रोमन कुमारी, मनोरंजन पाण्डेय, परमानंद पाण्डेय, मुन्नी कुमारी, सुधा कुमारी, माधुरी कुमारी, प्रियंका कुमारी, मंजू कुमारी, मनोरमा कुमारी, ऑपरेटर प्रकाश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।