डुमरांव में शिक्षा सुधार को लेकर युवाओं की पहल, मंत्री मिथिलेश तिवारी को सौंपा मांगपत्र

बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के बक्सर दौरे के दौरान डुमरांव में युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। भोजपुर कोठी (महाराज कोठी) मोड़ के समीप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की शैक्षणिक समस्याओं से अवगत कराया तथा मांगपत्र सौंपा।

डुमरांव में शिक्षा सुधार को लेकर युवाओं की पहल, मंत्री मिथिलेश तिवारी को सौंपा मांगपत्र

__ विद्यालयों-महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षकों की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उठाई मांग

केटी न्यूज/डुमरांव

बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के बक्सर दौरे के दौरान डुमरांव में युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। भोजपुर कोठी (महाराज कोठी) मोड़ के समीप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की शैक्षणिक समस्याओं से अवगत कराया तथा मांगपत्र सौंपा।कार्यक्रम का नेतृत्व युवा भाजपा नेता दीपक यादव ने किया। इस दौरान युवाओं की ओर से मंत्री को मां डुमरेजनी की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत समारोह केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे स्थानीय शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने के अवसर के रूप में भी देखा गया।

युवाओं ने मंत्री के समक्ष डुमरांव एवं बक्सर जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही शिक्षकों की कमी, शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता, छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं को भी रखा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुधार से ही क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे और उनका भविष्य मजबूत बनेगा।दीपक यादव ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के कई शिक्षण संस्थानों में अभी भी संसाधनों की कमी महसूस की जा रही है। ऐसे में सरकार की ओर से विशेष पहल किए जाने की आवश्यकता है ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने जिले के शैक्षणिक विकास को गति देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।मंत्री मिथिलेश तिवारी ने युवाओं द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके सुझावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। मंत्री ने क्षेत्र के शैक्षणिक विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन भी दिया।कार्यक्रम में अभिषेक रंजन, मुखिया सिंह कुशवाहा, संटू मित्रा, अमित पाठक, रविशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। युवाओं द्वारा शिक्षा के मुद्दे पर की गई यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।