बिहार दर्शन योजना से छात्राओं को मिला इतिहास और आस्था से जुड़ने का अवसर

केटी न्यूज/डुमरांव बिहार सरकार की मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत कन्या मध्य विद्यालय, डुमरांव की छात्राओं को ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस शैक्षणिक यात्रा में लगभग तीस छात्राओं ने भाग लिया। भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से परिचित कराना था, ताकि वे इतिहास को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें।

बिहार दर्शन योजना से छात्राओं को मिला इतिहास और आस्था से जुड़ने का अवसर

शैक्षणिक यात्रा के दौरान छात्राओं ने सबसे पहले सासाराम स्थित शेरशाह सूरी के भव्य मकबरे का अवलोकन किया। शिक्षकों ने छात्राओं को बताया कि यह मकबरा महान शासक शेरशाह सूरी की स्मृति में बनवाया गया था और अपनी अनूठी वास्तुकला के कारण देशभर में प्रसिद्ध है। मकबरे की भव्य संरचना, जलाशय के बीच स्थित इसकी बनावट और अफगान स्थापत्य शैली के बारे में छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके बाद छात्राओं ने सासाराम स्थित प्रसिद्ध ताराचंडी मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए। यहां उन्हें मंदिर की धार्मिक मान्यता, ऐतिहासिक महत्व और स्थानीय लोगों की आस्था के बारे में बताया गया। छात्राओं ने मंदिर परिसर और आसपास के सांस्कृतिक वातावरण को भी करीब से देखा।

भ्रमण के क्रम में छात्राओं ने कैमूर जिले में स्थित प्राचीन मां मुंडेश्वरी मंदिर का भी दर्शन किया। यह मंदिर देश के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक माना जाता है। शिक्षकों ने छात्राओं को मंदिर की प्राचीनता, इसकी विशिष्ट वास्तुकला और धार्मिक परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश सिंह के नेतृत्व में शिक्षक अमर नाथ सिंह, सुधा कुमारी, दिव्या, दीपक कुमार सिंह, सुधांशु शेखर पांडेय, उमेश कुमार तथा मेराज अंसारी भी छात्राओं के साथ मौजूद रहे। शिक्षकों ने छात्राओं को विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों के महत्व और उनसे जुड़ी रोचक जानकारियों से अवगत कराया।

छात्राओं ने इस शैक्षणिक यात्रा को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें बिहार की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को नजदीक से समझने का अवसर मिला।