ग्रामीण प्रतिभा का जलवा: लाखन डिहरा के छात्रों ने मैट्रिक में गाड़े सफलता के झंडे

डुमरांव अनुमंडल के प्लस टू उच्च विद्यालय, लाखन डिहरा ने इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण परिवेश में पढ़ने वाले छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

ग्रामीण प्रतिभा का जलवा: लाखन डिहरा के छात्रों ने मैट्रिक में गाड़े सफलता के झंडे

__ सूरज और स्नेहा बने प्रेरणा, दर्जनों छात्रों ने 400+ अंक हासिल कर बढ़ाया विद्यालय का मान

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव अनुमंडल के प्लस टू उच्च विद्यालय, लाखन डिहरा ने इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण परिवेश में पढ़ने वाले छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।अमथुआ गांव के छात्र सूरज ने 473 अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि सूरज ने गणित विषय में 99 अंक हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया। वहीं, इसी गांव की स्नेहा ने 463 अंक लाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया और विज्ञान में 99 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

इसके अलावा लाखन डिहरा की अंजलि ने 451 अंक प्राप्त किए। वहीं सविता, अन्नु, ममता, विवेक, निशांत, अंशिका, सुहानी, उषा, मोहिनी, अर्चना, आकांक्षा और खुशी सहित दर्जनों छात्रों ने 400 से अधिक अंक लाकर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि बेहतर परिणाम का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग को जाता है। उन्होंने बताया कि सभी सफल छात्र विद्यालय के नियमित विद्यार्थी हैं, जिन्होंने अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई की।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं मिलें, तो वे किसी भी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। इस परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।इधर, गांव के प्रख्यात हिंदी साहित्यकार और विद्वान प्रोफेसर डॉ. नंद जी दूबे ने इस सफलता को राज्य सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में आए सकारात्मक बदलावों का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ नजर आने लगा है।इस शानदार परिणाम से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। सफल छात्रों के घरों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है, वहीं अन्य छात्र भी इनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संकल्प ले रहे हैं।