मैट्रिक परीक्षा 2026: पहले दिन मातृभाषा की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मातृभाषा विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार दोनों पालियों में परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही तथा किसी भी केंद्र से निष्कासन की सूचना नहीं मिली।

मैट्रिक परीक्षा 2026: पहले दिन मातृभाषा की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

__ प्रथम व द्वितीय पाली में 25 हजार से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल, निष्कासन का एक भी मामला नहीं

केटी न्यूज/बक्सर

वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मातृभाषा विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार दोनों पालियों में परीक्षार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही तथा किसी भी केंद्र से निष्कासन की सूचना नहीं मिली।प्रथम पाली में मातृभाषा विषय के लिए कुल 13,189 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 13,048 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 141 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।विशेष बात यह रही कि इस पाली में किसी भी परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में निष्कासित नहीं किया गया।

इसी प्रकार द्वितीय पाली में कुल 12,036 परीक्षार्थी नामांकित थे। इनमें से 11,884 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 152 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में भी निष्कासन की संख्या शून्य रही, जो परीक्षा व्यवस्था की सख्ती और पारदर्शिता को दर्शाता है।जिला नियंत्रण कक्ष के अनुसार बक्सर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी।साथ ही उड़नदस्ता दल एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही थी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो सके।

परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा प्रभावी रही तथा अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई गई थी। परीक्षा शुरू होने से पूर्व परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई और निर्धारित समय पर प्रश्नपत्र का वितरण किया गया।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि आगामी विषयों की परीक्षा भी इसी तरह स्वच्छ, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुल मिलाकर मैट्रिक परीक्षा 2026 के पहले दिन जिले में परीक्षा व्यवस्था सुचारु और अनुशासित रही, जिससे अभिभावकों एवं परीक्षार्थियों में संतोष का माहौल देखा गया।