महीनों से लंबित भूमि परिमार्जन का लोक शिकायत में हुआ समाधान, परिवादी को मिली राहत

अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय डुमरांव की पहल से महीनों से भूमि का ऑनलाइन परिमार्जन कराने के लिए परेशान परिवादी को आखिरकार राहत मिल गई। लोक शिकायत निवारण प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया।

महीनों से लंबित भूमि परिमार्जन का लोक शिकायत में हुआ समाधान, परिवादी को मिली राहत

केटी न्यूज/डुमरांव

अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय डुमरांव की पहल से महीनों से भूमि का ऑनलाइन परिमार्जन कराने के लिए परेशान परिवादी को आखिरकार राहत मिल गई। लोक शिकायत निवारण प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, केसठ प्रखंड के खरवनिया गांव निवासी धनवंती देवी, पति कामेश्वर रवानी ने तीन जून को भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने से संबंधित परिवाद अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय में दायर किया था। परिवाद में उन्होंने परिमार्जन के माध्यम से भूमि का ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज कराने की मांग की थी।

परिवाद पत्र का अवलोकन करने के बाद लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक प्राधिकार के रूप में केसठ के अंचल अधिकारी को नोटिस जारी किया। साथ ही परिवाद का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद अंचल स्तर पर मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई की गई।जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदिका धनवंती देवी द्वारा परिमार्जन आईडी 263025844979844 के माध्यम से दिए गए आवेदन का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया। इससे लंबे समय से लंबित उनकी समस्या का समाधान हो गया।

परिवाद के निष्पादन के बाद धनवंती देवी ने लिखित आवेदन देकर अपनी सहमति जताई। उन्होंने कहा कि भूमि के ऑनलाइन परिमार्जन को लेकर वह कई महीनों से परेशान थीं। लोक शिकायत निवारण प्रक्रिया के माध्यम से समस्या का समाधान होने पर उन्होंने लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी तथा लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के प्रति आभार व्यक्त किया।इस मामले का त्वरित निष्पादन लोक शिकायत निवारण व्यवस्था के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान का उदाहरण माना जा रहा है।