सिकंदराबाद में ट्रकों की भीषण टक्कर में नचाप के विनय यादव की मौत, पत्नी-बच्चों की चीख से गमगीन हुआ गांव
रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर गए नचाप गांव के एक परिवार के लिए मंगलवार की देर शाम जिंदगी का सबसे काला दिन बन गई। मुरार थाना क्षेत्र के नचाप गांव निवासी ट्रक चालक विनय कुमार यादव (41) की सिकंदराबाद में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई।

केटी न्यूज/चौगाईं।
रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर गए नचाप गांव के एक परिवार के लिए मंगलवार की देर शाम जिंदगी का सबसे काला दिन बन गई। मुरार थाना क्षेत्र के नचाप गांव निवासी ट्रक चालक विनय कुमार यादव (41) की सिकंदराबाद में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। गिट्टी लदे उनके ट्रक की सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि विनय स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गए। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।विनय पिछले चार-पांच वर्षों से सिकंदराबाद में ट्रक चलाकर अपने परिवार की जिम्मेदारियां उठा रहे थे। परदेश में रहकर मेहनत करने वाले विनय ही परिवार की उम्मीद और रोजी-रोटी का मुख्य सहारा थे।

हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे नचाप में मातम छा गया। पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुत्र विशाल, रवि, संदेश और पुत्री रूबी की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।सबसे मार्मिक बात यह है कि करीब छह माह पहले विनय अपने भाई की शादी में गांव आए थे। परिवार के साथ कुछ दिन बिताने के बाद जब वह वापस सिकंदराबाद लौटे तो पत्नी और बच्चों से जल्द लौटकर आने का वादा किया था। परिवार को क्या पता था कि वह विदाई उनकी जिंदगी की आखिरी मुलाकात बन जाएगी। विनय की मौत ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया है और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

