सड़क किनारे खड़े लोडर ट्रैक्टर से टकराई नावानगर अंचलाधिकारी की सरकारी गाड़ी, चालक व अमीन घायल

स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के परमेश्वरपुर गांव के समीप शनिवार को अंचलाधिकारी की सरकारी गाड़ी सड़क किनारे खड़े लोडर युक्त ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि सरकारी वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में वाहन चालक धर्मेंद्र कुमार तथा अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन श्रवण कुमार शर्मा घायल हो गए।

सड़क किनारे खड़े लोडर ट्रैक्टर से टकराई नावानगर अंचलाधिकारी की सरकारी गाड़ी, चालक व अमीन घायल

-- सीओ की गैरमौजूदगी में सरकारी वाहन के संचालन को लेकर लोगों में उठे सवाल, वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

केटी न्यूज/नावानगर

स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के परमेश्वरपुर गांव के समीप शनिवार को अंचलाधिकारी की सरकारी गाड़ी सड़क किनारे खड़े लोडर युक्त ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि सरकारी वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में वाहन चालक धर्मेंद्र कुमार तथा अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन श्रवण कुमार शर्मा घायल हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए निजी क्लिनिक पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे लोडर युक्त ट्रैक्टर खड़ा था।

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही सरकारी गाड़ी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा। घटना के बाद सबसे अधिक चर्चा इस बात की रही कि दुर्घटनाग्रस्त सरकारी वाहन में अंचलाधिकारी स्वयं मौजूद नहीं थीं। वाहन में केवल चालक और अमीन के सवार होने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा कि सरकारी वाहन किस उद्देश्य से और किसके निर्देश पर जा रहा था। लोगों का कहना है कि यदि वाहन किसी सरकारी कार्य से जा रहा था तो इसकी जानकारी स्पष्ट की जानी चाहिए।

हालांकि, इस संबंध में अंचल प्रशासन की ओर से देर शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। चालक के अनुसार वाहन की स्टेरिंग फेल होने से दुर्घटना हुई है। हालांकि दुर्घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि सरकारी वाहन किस कार्य के लिए संचालित हो रहा था तथा दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।