घर में स्नान के दौरान करंट की चपेट में आया 49 वर्षीय व्यक्ति, मौके पर ही मौत
राजपुर थाना क्षेत्र के धोबही गांव में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब घर में स्नान करने गए 49 वर्षीय प्रेमचंद सिंह बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उनकी मौके पर मौत हो गई।

__ धोबही गांव में हादसे से मचा कोहराम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के धोबही गांव में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब घर में स्नान करने गए 49 वर्षीय प्रेमचंद सिंह बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर जुट गए।मृतक की पहचान बन्नी गांव निवासी चतुरी सिंह के पुत्र प्रेमचंद सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि प्रेमचंद पिछले कुछ समय से अपने ससुराल धोबही गांव में रह रहे थे। रविवार को वे घर में स्नान करने गए थे। इसी दौरान बिजली के तार के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया।

अचानक हुए हादसे से परिवार के लोग सकते में आ गए। जब तक उन्हें बचाने का प्रयास किया जाता, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना के बाद धोबही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों के बीच बिजली तार के संपर्क में आने से हुई मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही।सूचना मिलने पर धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत बिजली करंट लगने से होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

