ब्रह्मपुर में वाहन जांच के दौरान बाइक छुड़ाने को ले पुलिस टीम पर हमला, चौकीदार गंभीर रूप से घायल, छह गिरफ्तार
ब्रह्मपुर में बीती रात एक साधारण वाहन जांच से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते आधी रात बवाल में बदल गया। ब्रह्मपुर चौराहे पर पुलिस द्वारा की जा रही नियमित जांच के दौरान छोड़ी गई एक बाइक को लेकर बारात में शामिल लोगों और चौकीदारों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि बात मारपीट तक पहुंच गई। इस घटना में एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
-- बाइक के कागजात बने बवाल की वजह, बराती व घराती मिल गश्ती दल पर टूट पडे़, चपेट में आए मौके पर मौजूद चौकीदार
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
ब्रह्मपुर में बीती रात एक साधारण वाहन जांच से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते आधी रात बवाल में बदल गया। ब्रह्मपुर चौराहे पर पुलिस द्वारा की जा रही नियमित जांच के दौरान छोड़ी गई एक बाइक को लेकर बारात में शामिल लोगों और चौकीदारों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि बात मारपीट तक पहुंच गई। इस घटना में एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।घटना सोमवार की रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। उस समय ब्रह्मपुर चौराहे पर पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान आरा रोड की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे घबरा गए और बाइक को सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए आसपास की गलियों में भाग निकले।पुलिस ने युवकों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। इसके बाद मौके पर छोड़ी गई मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना भेज दिया गया, क्योंकि बाइक के कागजात मौके पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने वाहन को आगे की जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया।करीब आधे घंटे बाद मामला अचानक नया मोड़ ले बैठा। ब्रह्मपुर चौराहे पर ड्यूटी में तैनात चौकीदारों के पास लगभग 15 से 20 लोगों का समूह पहुंच गया। बताया जाता है कि ये सभी लोग पास में चल रही एक शादी समारोह से जुड़े थे।

वे जब्त की गई मोटरसाइकिल के बारे में पूछताछ करने लगे। जब चौकीदारों ने बताया कि बाइक को थाना भेज दिया गया है तो कुछ लोग आक्रोशित हो गए।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि लोगों ने चौकीदारों को घेर लिया। गाली-गलौज के साथ लाठी-डंडों और मुक्कों से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चौकीदार विनोद पासवान के सिर पर गंभीर चोट लग गई, जबकि चौकीदार आशोक कुमार यादव को भी मारपीट में चोटें आईं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मारपीट में शामिल लोग भागने लगे। हालांकि पुलिस ने पीछा कर छह लोगों को मौके से पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार लोगों की पहचान भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र के पड़सौरा गांव निवासी नमो नारायण यादव, कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाईच निवासी सत्येंद्र उपाध्याय और अक्षय कुमार, सिकरौल थाना क्षेत्र के खड़ईचा गांव निवासी ओमकेश यादव, ब्रह्मपुर निवासी अंकित कुमार तथा उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के जवही दियर निवासी अखिलेश कुमार यादव के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में नमो नारायण यादव ने बताया कि उसके चचेरे भाई की शादी ब्रह्मपुर-आरा रोड स्थित एक मैरिज हॉल में हो रही थी। शादी में शामिल होने के बाद वह अपने दो साथियों के साथ बाइक से चौराहे की ओर जा रहा था। पुलिस जांच देखकर वे घबरा गए और कागजात नहीं होने के कारण बाइक छोड़कर भाग गए।

बाद में वे बरात में शामिल अन्य लोगों के साथ बाइक लेने के लिए चौराहे पर पहुंचे थे, जहां विवाद हो गया।पुलिस ने इस मामले में धर्मेंद्र यादव, श्रीभगवान यादव, नेउर यादव और गणेश यादव समेत कई अन्य लोगों को भी चिन्हित किया है। घटना के बाद घायल चौकीदारों से गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कराई गई, जिसमें उन्होंने सभी को मारपीट में शामिल होने की पुष्टि की।घायल चौकीदारों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है, उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।उन्होंने बताया कि बाइक जब्त किए जाने के बाद बारात में शामिल कुछ लोग चौराहे पर पहुंचे और विवाद के दौरान चौकीदारों के साथ मारपीट की घटना हुई। फिलहाल छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
