डुमरांव में संघ की प्रमुख जन गोष्ठी आयोजित, पंच परिवर्तन से समाज निर्माण पर जोर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के अंतर्गत रविवार को डुमरांव स्थित अनंतविजयम एकेडमी परिसर में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संघ के विचार, उद्देश्य और सामाजिक सरोकारों पर सार्थक संवाद हुआ।

डुमरांव में संघ की प्रमुख जन गोष्ठी आयोजित, पंच परिवर्तन से समाज निर्माण पर जोर

__ शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के तहत बुद्धिजीवियों संग संवाद, व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का संदेश

केटी न्यूज/डुमरांव

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के अंतर्गत रविवार को डुमरांव स्थित अनंतविजयम एकेडमी परिसर में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संघ के विचार, उद्देश्य और सामाजिक सरोकारों पर सार्थक संवाद हुआ।कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत शिक्षण बौद्धिक प्रमुख उपेंद्र भाई त्यागी, प्रांत कुटुंब के सह संयोजक जयशंकर पाण्डेय, मिश्र इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के निदेशक चंदन कुमार मिश्र तथा नगर संघचालक वीरेंद्र राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

विषय प्रवेश कराते हुए विभाग कार्यवाह विमल कुमार सिंह ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रमुख जन गोष्ठी भी शामिल है। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्ध लोगों के साथ संवाद स्थापित कर संघ के विचार और कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।मुख्य अतिथि एवं वक्ता उपेंद्र भाई त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 100 वर्ष पूर्व व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का जो विराट संकल्प लिया था, वह आज भी उसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संघ की सतत साधना ने समाज में बड़े परिवर्तन की मजबूत नींव रखी है, जो प्रेरणादायी और अनुकरणीय है।

उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष में संघ ‘पंच परिवर्तन’ के माध्यम से समाज परिवर्तन का संदेश दे रहा है। इसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का जागरण तथा नागरिक शिष्टाचार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन और व्यवहार में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाए, तो समाज निर्माण में बड़ी भूमिका निभा सकता है।उपेंद्र भाई त्यागी ने सामाजिक खाई को पाटने के लिए सामाजिक समरसता को जीवन का स्वाभाविक आग्रह बनाने पर बल दिया। गोष्ठी में उपस्थित करीब एक दर्जन लोगों ने भी अपने विचार रखे और बताया कि किस प्रकार वे छोटे-छोटे संकल्पों के साथ अपनी आदतों में बदलाव लाकर समाजहित में योगदान दे रहे हैं।

मिश्र इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन एवं निदेशक चंदन कुमार मिश्र ने कहा कि उनका संस्थान भी पंच परिवर्तन के सिद्धांतों को आधार बनाकर संचालित हो रहा है। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन भी किया। कार्यक्रम का संचालन विमल कुमार सिंह ने किया।कार्यक्रम में सामूहिक गीत संस्थान के उप प्राचार्य संतोष कुमार एवं सुधांशु भगत ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला प्रचारक अभिषेक भारती, रघुवर सिंह, संजय चौबे, डॉ. अभय कुमार पाण्डेय, संतोष कुमार उपाध्याय, रामाश्रय राम, राजीव भगत, वंदना भगत, जितेंद्र मिश्रा, मुकेश कुमार सिंह, राजीव सिंह, पशुपति सिंह, भरत प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।