रक्षा राज्य मंत्री के आगमन की तैयारी तेज, न्योता स्वीकार होते ही सैनिकों में उत्साह
बक्सर जिले में पूर्व सैनिकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। आई ई एस एम (पूर्व सैनिक संघ) बक्सर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के न्योते को स्वीकार किए जाने के बाद सैनिकों और वीरांगनाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसको लेकर रविवार को जिले के सभी प्रखंडों में मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य रूप से 24 मई को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।


__ 24 मई को प्रस्तावित सम्मान समारोह को भव्य बनाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान शुरू
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले में पूर्व सैनिकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। आई ई एस एम (पूर्व सैनिक संघ) बक्सर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के न्योते को स्वीकार किए जाने के बाद सैनिकों और वीरांगनाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसको लेकर रविवार को जिले के सभी प्रखंडों में मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य रूप से 24 मई को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।बैठक में यह तय किया गया कि इस सम्मान समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जाएगी।

पूर्व सैनिकों ने संकल्प लिया कि गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक सैनिक, वीरांगनाएं और आम लोग इस कार्यक्रम में भाग ले सकें। हालांकि कार्यक्रम की तिथि 24 मई तय कर दी गई है, लेकिन स्थल और समय की आधिकारिक घोषणा अभी शेष है, जिसे जल्द जारी करने की बात कही गई है।इस खबर के सामने आते ही न केवल बक्सर, बल्कि बिहार और पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के पूर्व सैनिकों में भी उत्साह बढ़ गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा लगातार बैठकें और संपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।

आई ई एस एम बक्सर के डायरेक्टर डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय और जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से सभी सैनिकों और वीरांगनाओं से अपील की है कि वे 24 मई को आयोजित सम्मान समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसे यादगार बनाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल सम्मान का अवसर है, बल्कि पूर्व सैनिकों की एकजुटता और गौरव का भी प्रतीक होगा।वहीं, सी जी डी ए के विश्वजीत सहाय और पी सी डी ए के प्रधान नियंत्रक कवलदीप सिंह के दिशा-निर्देश में अधिकारीगण दिन-रात जुटकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। लगातार हो रही गतिविधियों से साफ है कि यह समारोह क्षेत्र में एक बड़े आयोजन के रूप में उभरने जा रहा है।पूर्व सैनिक संघ की ओर से जारी इस पहल ने बक्सर सहित आसपास के क्षेत्रों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है, और अब सभी की निगाहें 24 मई को होने वाले इस बहुप्रतीक्षित समारोह पर टिकी हैं।

