दशहरा पर बक्सर में सुरक्षा का सख्त पहरा, डीएम-एसपी ने संभाली कमान

दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में शहर में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया।

दशहरा पर बक्सर में सुरक्षा का सख्त पहरा, डीएम-एसपी ने संभाली कमान

__ ज्योति चौक से थाना तक निकला फ्लैग मार्च, रावण वध स्थल किला मैदान का भी लिया जायजा; साफ-सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर।

दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में शहर में संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील मार्गों से गुजरकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।

फ्लैग मार्च की शुरुआत ज्योति चौक से हुई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम खलासी मुहल्ला, सराय फाटक, हनुमान फाटक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार और सत्यदेवगंज होते हुए पुलिस थाना पहुंची। फ्लैग मार्च के जरिए आम नागरिकों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ दशहरा मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।