त्योहारों पर रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की मांग, डॉ. सुधीर सिंह बने डीआरयूसीसी सदस्य

रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह को डीआरयूसीसी (मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति) का सदस्य मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन पर समिति ने हाजीपुर जोन की महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग, दानापुर मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार और वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के प्रति आभार जताया है।

त्योहारों पर रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की मांग, डॉ. सुधीर सिंह बने डीआरयूसीसी सदस्य

__ बनाही, टुड़ीगंज और बरुना स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग, सभी स्टेशनों पर रोशनी, पेयजल, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

केटी न्यूज/डुमरांव।

रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह को डीआरयूसीसी (मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति) का सदस्य मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन पर समिति ने हाजीपुर जोन की महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग, दानापुर मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार और वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के प्रति आभार जताया है। समिति ने उम्मीद जताई कि उनके मनोनयन से रेल यात्रियों की समस्याओं को रेलवे के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी।शुक्रवार को रेलयात्री कल्याण समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने दानापुर रेल मंडल के वरीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर मंडल के छोटे-बड़े स्टेशनों और हॉल्टों पर यात्रियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने आगामी दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सभी स्टेशनों और हॉल्टों पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।इसके अलावा पर्व-त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या और आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस तथा पटना-बक्सर फास्ट पैसेंजर ट्रेन का ठहराव बनाही, टुड़ीगंज और बरुना स्टेशनों पर देने की मांग उठाई गई। समिति का कहना था कि इन स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव से आसपास के गांवों के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने रेल अधिकारियों के समक्ष विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से रखते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया। अधिकारियों की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने की बात समिति ने कही।इस मौके पर डॉ. सुधीर कुमार सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बीजेन्द्र यादव, राष्ट्रीय कमेटी के सदस्य रासबिहारी राय, आरा शाखा अध्यक्ष अभिषेक मेहता और बक्सर शाखा संयोजक गोविन्द जायसवाल सहित अन्य लोग शामिल थे।