बक्सर में विकास की रफ्तार पर सरकार का फोकस, योजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन का निर्देश
समृद्धि यात्रा के क्रम में बक्सर पहुंचे नीतीश कुमार ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया। किला मैदान में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं को जमीन पर उतारने की है, ताकि आम लोगों को उसका सीधा लाभ मिल सके।

__ समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दी सख्त हिदायत—रोजगार, उद्योग और जनकल्याण योजनाओं पर विशेष जोर
केटी न्यूज/बक्सर:
समृद्धि यात्रा के क्रम में बक्सर पहुंचे नीतीश कुमार ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया। किला मैदान में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं को जमीन पर उतारने की है, ताकि आम लोगों को उसका सीधा लाभ मिल सके।बैठक के दौरान जिलाधिकारी साहिला ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इसके साथ ही प्रगति यात्रा में घोषित योजनाओं की वर्तमान स्थिति और जिले में हो रहे अन्य विकास कार्यों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के तहत चल रही योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, वहीं सात निश्चय-3 के तहत नई योजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर सफल बनाना है।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना है। उन्होंने सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि आम लोगों के दैनिक जीवन की परेशानियों को कम करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, जिससे उद्यमियों को निवेश के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है। साथ ही स्टार्टअप नीति के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जा रहा है।बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई वरिष्ठ मंत्री, अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी को निर्देश दिया गया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गति और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के लोगों को समय पर लाभ मिल सके।

