चुनावी दबंगई से साइबर ठगी तक: राजपुर पुलिस के शिकंजे में दो आरोपी, एक ने वार्ड सदस्य को धमकाया तो दूसरे ने महिला के खाते से उड़ाए 50 हजार
राजपुर पुलिस ने कानून व्यवस्था और साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक तरफ एमएलसी उपचुनाव के दौरान चुनावी दबाव और धमकी का मामला सामने आया, वहीं दूसरी ओर महिला के खाते से हजारों रुपये की साइबर ठगी करने वाले सीएसपी संचालक को भी पुलिस ने दबोच लिया।


केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर पुलिस ने कानून व्यवस्था और साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक तरफ एमएलसी उपचुनाव के दौरान चुनावी दबाव और धमकी का मामला सामने आया, वहीं दूसरी ओर महिला के खाते से हजारों रुपये की साइबर ठगी करने वाले सीएसपी संचालक को भी पुलिस ने दबोच लिया।पहला मामला त्रिलोचनपुर गांव का है, जहां कामेश्वर यादव पर आरोप है कि उसने एमएलसी उपचुनाव के दौरान बभनी के एक वार्ड सदस्य को डराकर जबरन प्रमाण पत्र की वसूली की। चुनाव खत्म होने के बाद भी आरोपी लगातार वार्ड सदस्य को धमकाता और प्रताड़ित करता रहा।

आखिरकार परेशान वार्ड सदस्य ने राजपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।दूसरी कार्रवाई साइबर अपराध से जुड़ी है। थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि सरेंजा गांव निवासी मेहरून निशा के खाते से करीब 50 हजार रुपये की अवैध निकासी हुई थी। जांच में सामने आया कि गांव का ही सीएसपी संचालक बबलू कसेरा झांसा देकर महिला के खाते से रकम निकाल लिया था। पुलिस पिछले छह महीने से मामले की तकनीकी जांच कर रही थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों मामलों में कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है।

