जंगलीनाथ शिव मंदिर में चोरों का आतंक, दो महिला श्रद्धालुओं के गहने उड़ाए

सावन की पहली सोमवारी पर नगर के प्रसिद्ध जंगलीनाथ शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चोरों ने पुलिस और मंदिर प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो महिला श्रद्धालुओं के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों ने एक महिला की सोने के मंगलसूत्र और एक अन्य महिला का सोने का लॉकेट चोरी कर लिया।

जंगलीनाथ शिव मंदिर में चोरों का आतंक, दो महिला श्रद्धालुओं के गहने उड़ाए

__ पहली सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ का उठाया फायदा, दो मंगलसूत्र और सोने का लॉकेट चोरी; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

केटी न्यूज/डुमरांव।

सावन की पहली सोमवारी पर नगर के प्रसिद्ध जंगलीनाथ शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चोरों ने पुलिस और मंदिर प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो महिला श्रद्धालुओं के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों ने एक महिला की सोने के मंगलसूत्र और एक अन्य महिला का सोने का लॉकेट चोरी कर लिया। घटना के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच मायूसी और आक्रोश का माहौल कायम हो गया।जानकारी के अनुसार, सावन की पहली सोमवारी को जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए जंगलीनाथ शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा था। इसी दौरान भीड़ के बीच सक्रिय चोरों ने दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया। पूजा-अर्चना में व्यस्त महिलाओं को भनक तक नहीं लगी और उनके गले से सोने के आभूषण गायब कर दिए गए।घटना के बाद नया भोजपुर निवासी रवि कुमार ने अपनी पत्नी के सोने के लॉकेट चोरी होने को लेकर डुमरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, एक अन्य महिला के मंगलसूत्र चोरी मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। 

__ पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद वारदात

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में तीन पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में दर्जनों पुलिसकर्मी और महिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद भीड़ के बीच चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए वारदात को अंजाम दे दिया। घटना ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

__ सीसीटीवी कवरेज अधूरा, पहचान मुश्किल

मंदिर के मुख्य गेट सहित कुछ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन परिसर के कई प्रमुख हिस्से अब भी कैमरों की निगरानी से बाहर हैं। ऐसे में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले उचक्कों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और भीड़ के दौरान निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।