बीएड की डिग्री पर खुला ‘नाम’ का राज, विरोध किया तो विवाहिता से मारपीट
शादी के बाद पति की शैक्षणिक योग्यता का प्रमाणपत्र देखने पर विवाहिता के सामने ऐसा राज खुला, जिसने उसके वैवाहिक जीवन को विवाद में डाल दिया। बीएड की डिग्री पति के नाम पर होने की बात कहकर शादी किए जाने का आरोप है, लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद प्रमाणपत्र देखने पर उसमें पति की जगह उसके भाई का नाम अंकित मिला।

__प्रमाणपत्र में पति की जगह मिला भाई का नाम, हाथ-पैर बांधकर पीटने और धमकी देने का आरोप; सात पर प्राथमिकी
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
शादी के बाद पति की शैक्षणिक योग्यता का प्रमाणपत्र देखने पर विवाहिता के सामने ऐसा राज खुला, जिसने उसके वैवाहिक जीवन को विवाद में डाल दिया। बीएड की डिग्री पति के नाम पर होने की बात कहकर शादी किए जाने का आरोप है, लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद प्रमाणपत्र देखने पर उसमें पति की जगह उसके भाई का नाम अंकित मिला। विवाहिता ने जब इस पर सवाल उठाया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। मामले में पीड़िता की शिकायत पर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने पति, सास, ससुर, देवर, ननद समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।प्राथमिकी के अनुसार, भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव निवासी छोटन राम की पुत्री की शादी 24 जून 2026 को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव निवासी जनार्दन राम के पुत्र राकेश राम के साथ हुई थी।

विवाहिता का आरोप है कि शादी के दौरान पति को बीएड उत्तीर्ण बताया गया था। शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर जब उसने पति की बीएड डिग्री का प्रमाणपत्र देखा तो उसमें राकेश राम के बजाय उसके भाई का नाम दर्ज था।आरोप है कि प्रमाणपत्र को लेकर सवाल उठाने और विरोध करने पर पति समेत ससुराल के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके हाथ-पैर बांधकर भी पिटाई की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। प्राथमिकी में दहेज की मांग किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।पीड़िता के बयान पर पुलिस ने पति राकेश राम, देवर राजन राम, ससुर जनार्दन राम सहित सात लोगों को नामजद किया है। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई करेगी।

