शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, सप्लाई चेन खंगालने में जुटी टीम
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने तस्करी के एक नेटवर्क पर प्रहार करते हुए 60 लीटर देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महाराजा कोठी के समीप की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की।
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने तस्करी के एक नेटवर्क पर प्रहार करते हुए 60 लीटर देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महाराजा कोठी के समीप की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अखौरीपुर निवासी धर्मेंद्र बिंद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह मोटरसाइकिल के जरिए शराब की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की तैयारी में था।

तलाशी के दौरान उसके पास से 60 लीटर देशी शराब बरामद की गई, जबकि परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि जिले में शराब तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और किन-किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी। इसके लिए संभावित सप्लायर और रिसीवर की पहचान की जा रही है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है। आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जरूरत पड़ने पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या परिवहन की जानकारी तुरंत साझा करें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

