एक दर्जन मामलों का आरोपी करिया सिंह कट्टा-कारतूस संग दबोचा गया
जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से सक्रिय एक शातिर आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीष सिंह उर्फ करिया सिंह के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से सक्रिय एक शातिर आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनीष सिंह उर्फ करिया सिंह के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।सोमवार को सदर डीएसपी गौरव पांडेय ने प्रेसवार्ता में बताया कि 19 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से दहिवर से दलसागर की ओर जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई।

टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दहिवर स्थित शिव मंदिर के समीप घेराबंदी शुरू की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए का युवक मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह वाहन छोड़कर भागने लगा। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे दबोच लिया।गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष सिंह उर्फ करिया सिंह, निवासी दहिवर, थाना औद्योगिक, जिला बक्सर बताया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में औद्योगिक थाना की टीम की सक्रिय भूमिका रही। अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

