मध्यस्थता की कीमत: युवक के घर पर चली गोलियां, गांव में बढ़ी बेचैनी

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में मंगलवार की रात एक युवक के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल कायम हो गया।

मध्यस्थता की कीमत: युवक के घर पर चली गोलियां, गांव में बढ़ी बेचैनी

__ पुराने विवाद में हस्तक्षेप करने से नाराज थे आरोपित, पुलिस ने तीन खोखे बरामद कर शुरू की जांच

केटी न्यूज/चौसा

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में मंगलवार की रात एक युवक के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल कायम हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार नुआंव गांव निवासी गोविंद कुमार मिश्रा ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि मंगलवार की रात करीब नौ बजे दो युवक उनके घर के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों की भीड़ जुटती देख आरोपित मौके से भाग निकले।

पीड़ित का कहना है कि कुछ दिन पूर्व पसहरा और बभनी गांव के दो युवकों के बीच हुए विवाद को शांत कराने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके अनुसार उसी मामले को लेकर कुछ लोग उनसे नाराज चल रहे थे और इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। गोविंद मिश्रा ने आरोप लगाया है कि विवाद सुलझाने की कोशिश ही उनके लिए परेशानी का कारण बन गई।घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस हरकत में आ गई। इटाढ़ी गुमटी प्रभारी गुड्डू चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए। बरामद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

पीड़ित के आवेदन पर बभनी निवासी सुशांत तिवारी और नुआंव निवासी सतेंद्र सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।