आस्था पर प्रहार : नगर पंचित काली आश्रम से दो घंटो की चोरी, श्रद्धालुओं में आक्रोश

आस्था पर प्रहार : नगर पंचित काली आश्रम से दो घंटो की चोरी,  श्रद्धालुओं में आक्रोश

केटी न्यूज/ डुमरांव

लाखो शहरवासियों के आस्था का अटूट केंद्र नगर पंचायत मां काली आश्रम मंदिर से चोरों ने दो घंटा की चोरी कर ली है। घटना बीती रात की है। घंटे की चोरी करने से पहले चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरा के तार भी काट उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं का आक्रोश गहरा गया है।

वहीं स्थानीय पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। मंदिर से थोड़ी दूर स्थित संत जन सेकेंडरी स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की हरकत कैद हो गई है। हालांकि उनका चेहरा स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। गौरतलब है कि इस मंदिर में चोरी की यह छठवीं घटना है। बताया जाता है कि रात 11.20 में  अज्ञात चोर मंदिर में प्रवेश किया तथा पेंट करने के लिए रखी गई सीढ़ी, दान पेटी तथा एक छोटी चौकी के सहारे 2 घंटे चुरा लिए।

दोनों घंटे मंदिर के मुख्य गेट के पास लगे थे। एक घंटा 125 किलो का जबकि दूसरा 51 किलो वजन का था। जिस कारण आशंका जताई जा रही है कि चोरों की संख्या अधिक होगी। इस इलाके में पुलिस गश्त नहीं होने तथा मंदिर में लगातार चोरी होने से श्रद्धालुओं तथा मंदिर प्रबंध समिति में गहरा आक्रोश है। मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष भगवान जी वर्मा ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में एफआईआर भी दर्ज करवाया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही अपर थाना अध्यक्ष संजीत शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच तफ्तीश में जुट गए हैं।