बक्सर में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
बक्सर जिले में आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती परीक्षा सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले में आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती परीक्षा सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई।

प्रथम पाली में सामान्य भाषा विषय की परीक्षा ली गई, जिसमें कुल 9060 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इनमें से 3397 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 5663 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।इसी प्रकार द्वितीय पाली में सामान्य अध्ययन विषय की परीक्षा आयोजित हुई। इस पाली में भी कुल 9060 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था थी, जिसमें 3391 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 5669 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी किसी अभ्यर्थी के निष्कासन की सूचना नहीं है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से परीक्षा शुरू हुई और निर्धारित समय पर संपन्न कराई गई। केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी गई थी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन कराया गया।जिला नियंत्रण कक्ष ने बताया कि जिले के सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा संपन्न होने के बाद अभ्यर्थी शांतिपूर्वक अपने-अपने घरों को रवाना हुए। प्रशासन ने सफल आयोजन को लेकर संतोष जताया है।

