ऊर्जा बचत को लेकर छात्र-छात्राओं ने दिखाई वैज्ञानिक सोच

आधुनिक जीवन में ऊर्जा की बढ़ती खपत और इसके पर्यावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को लेकर स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक और विश्लेषणात्मक सोच का परिचय दिया। प्रखंड बीआरसी अंतर्गत कक्षा आठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

ऊर्जा बचत को लेकर छात्र-छात्राओं ने दिखाई वैज्ञानिक सोच

__ विज्ञान संगोष्ठी में जलवायु परिवर्तन से लेकर सौर ऊर्जा तक पर हुई सार्थक चर्चा, क्षमा कुमारी बनीं प्रथम

विज्ञान संगोष्ठी समाचार

केटी न्यूज/राजपुर।

आधुनिक जीवन में ऊर्जा की बढ़ती खपत और इसके पर्यावरण पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को लेकर स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक और विश्लेषणात्मक सोच का परिचय दिया। प्रखंड बीआरसी अंतर्गत कक्षा आठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ रहा।संगोष्ठी में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 33 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने ऊर्जा की वर्तमान स्थिति, बढ़ती मांग, प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों पर अपने विचार रखे।

प्रतिभागियों ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं और जीवनशैली के कारण ऊर्जा का अनावश्यक इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।इसका सीधा असर पर्यावरण और जलवायु पर पड़ रहा है। ऐसे में आने वाले वर्षों में ऊर्जा संरक्षण के साथ वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।छात्र-छात्राओं ने सौर ऊर्जा को भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प बताते हुए इसके अधिक से अधिक उपयोग पर जोर दिया। उनका कहना था कि स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा स्रोतों को अपनाकर न केवल ऊर्जा संकट की चुनौती को कम किया जा सकता है, बल्कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने में भी मदद मिलेगी।

संगोष्ठी में प्लस टू उच्च विद्यालय कनेहरी की छात्रा क्षमा कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्लस टू उच्च विद्यालय धनसोई के उज्जवल कुमार द्वितीय और उत्क्रमित हाई स्कूल खरहना की प्रतिज्ञा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।कार्यक्रम का नेतृत्व विनोद पाण्डेय एवं मिथिलेश ठाकुर ने किया। निर्णायक मंडल में मृत्युंजय चौबे, मोहम्मद साजिद अली अंसारी, राहुल कुमार, समसुल जान, दिनेश राम, अशोक कुमार एवं रुपेश सिंह शामिल रहे। आयोजन को सफल बनाने में सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।